रायबरेली में 77वां गणतंत्र दिवस: जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, संविधान की प्रस्तावना की दिलाई शपथ

रायबरेली। जनपद रायबरेली में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया। राष्ट्रगान के उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, सामाजिक सरोकार के तहत दो दिव्यांग बच्चों को ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर का वितरण भी किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि 77वां गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए गर्व और आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें संविधान की महत्ता और उसके प्रावधानों की याद दिलाता है, जो भारत को एक सशक्त, स्थिर और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाने में मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों और कर्तव्यों को परिभाषित करता है तथा समानता, न्याय और एकजुटता के मूल्यों को सुदृढ़ करता है। उन्होंने नागरिकों से संविधान के प्रावधानों का पालन करते हुए देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान, उप जिलाधिकारी सारा अशरफ, वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. भावना श्रीवास्तव सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन और कलेक्ट्रेट परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts