आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)
चिरमिरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी द्वारा गुरुवार को जिलाधीश, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छत्तीसगढ़) को एक ज्ञापन सौंपा गया। ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन (राजू) के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में चिरमिरी शहर से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस कमेटी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कुछ विशेष व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने तथा फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही डोमनहिल क्षेत्र में लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन मंगल भवन का कार्य पुनः प्रारंभ कराने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में कहा गया कि निर्माण कार्य बंद होने से स्थानीय लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कमेटी ने एसईसीएल में खुली नई खदानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिए जाने की मांग भी की, ताकि क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन की समस्या को कम किया जा सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बिना समुचित सर्वे के कई जरूरतमंदों के नाम राशन कार्ड से काटे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
इसके अलावा चिरमिरी शहर में जर्जर सड़कों और दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ने की बात कही गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कांग्रेस कमेटी ने जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट और ब्लड बैंक की स्थापना की मांग की है, ताकि गंभीर रोगियों को इलाज के लिए अन्य जिलों में न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
ज्ञापन में इन सभी मुद्दों पर प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन के साथ नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, पार्षद शनि चौथा, सैयद अनीश, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर अल्गामाकर, रामप्यारे चौहान, इंद्रजीत सिंह छाबड़ा और अशरफ अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















