रायबरेली। विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी एवं यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग (RPL) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के दसवें दिन दो मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में निर्मल हॉस्पिटल ने समर्पण हॉस्पिटल को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले मुकाबले में समर्पण हॉस्पिटल ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित ओवरों में टीम 9 विकेट के नुकसान पर 66 रन ही बना सकी। अर्जित ने 18 रनों का योगदान दिया, जबकि निर्मल हॉस्पिटल की ओर से शिवम ने 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी निर्मल हॉस्पिटल की टीम ने सत्यम की 53 रनों की नाबाद पारी की बदौलत महज 6 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। सत्यम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दिन का दूसरा मुकाबला सुविधा डायग्नोस्टिक और फिनटेक लायंस के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सुविधा डायग्नोस्टिक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। टीम की ओर से दिवेश ने 27 रन बनाए। फिनटेक लायंस की गेंदबाजी में हिमांशु ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फिनटेक लायंस की टीम ने 17.4 ओवर में 8 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। सुविधा डायग्नोस्टिक की ओर से सुमित ने 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इस मैच में अजीत कुमार यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव सिविल रावत ने बताया कि टूर्नामेंट के अगले दिन पहला मैच सुविधा डायग्नोस्टिक और सिक्का स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला फिनटेक लायंस और निर्मल हॉस्पिटल के बीच होगा।


















