रायबरेली में MSP पर गेहूं खरीद के लिए 32 क्रय केंद्र स्थापित, DM ने दिए समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश

रायबरेली। रबी विपणन वर्ष 2026–27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के अंतर्गत जनपद रायबरेली में कुल 32 गेहूँ क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं। यह स्वीकृति जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के आदेशानुसार दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग के 27 तथा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 5 प्रस्तावों के आधार पर इन क्रय केन्द्रों को खोलने की अनुमति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत तहसील सदर क्षेत्र में ब्लॉक राही में 6, ब्लॉक सतांव में 1 और ब्लॉक हरचंदपुर में 3 गेहूँ क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

इसी प्रकार तहसील महराजगंज क्षेत्र में ब्लॉक महराजगंज में 7 और ब्लॉक शिवगढ़ में 1 क्रय केन्द्र खोला गया है। तहसील/ब्लॉक लालगंज में 2, ऊंचाहार में 4, डलमऊ में 2, सलोन में 3, ब्लॉक डीह में 1 तथा ब्लॉक छतोह में 2 गेहूँ क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने संबंधित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि गेहूँ क्रय केन्द्रों पर खरीद से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।

साथ ही शासनादेश एवं निर्धारित नियमों के अनुसार सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि किसानों को गेहूँ बिक्री में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *