पंचायत चुनाव: मतगणना सामग्री किट के लिए जेम पोर्टल पर बिड जारी

रायबरेली। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2026 की तैयारियों के क्रम में मतगणना से संबंधित सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), रायबरेली द्वारा जेम पोर्टल पर कस्टम बिड प्रकाशित की गई है।

यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय अंजू लता ने दी।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अंतर्गत मतगणना सामग्री किट के तैयार/क्रय हेतु यह प्रक्रिया अपनाई गई है।

इसके लिए जेम पोर्टल पर कस्टम बिड संख्या GEM/2026/B/7159107 को 28 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया गया है। जारी की गई जानकारी के अनुसार उक्त बिड 12 फरवरी 2026 को अपरान्ह 03:00 बजे बंद होगी, जबकि उसी दिन अपरान्ह 03:30 बजे बिड खोली जाएगी।

मतगणना सामग्री किट की कुल अनुमानित लागत 2,87,200 रुपये (दो लाख सत्तासी हजार दो सौ रुपये मात्र) निर्धारित की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इच्छुक सेवा प्रदाता फर्में जेम पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित इस निविदा में भाग ले सकती हैं। निविदा प्रक्रिया में जेम पोर्टल के नियमों एवं शर्तों के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्धारित बिड की शर्तें (ATC) भी लागू होंगी।

निविदा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रतिभागी फर्मों के लिए अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सक्षम प्राधिकारी को बिना कोई कारण बताए निविदा को निरस्त करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना है, जिसके तहत आवश्यक सामग्री की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जा रही है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने इच्छुक फर्मों से अपील की है कि वे जेम पोर्टल पर उपलब्ध विवरणों का अवलोकन कर समय सीमा के भीतर अपनी निविदा प्रस्तुत करें, ताकि निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *