रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। यह जानकारी जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने दी।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 177 बछरावां (अजा), 179 हरचंदपुर, 180 रायबरेली, 181 सलोन (अजा), 182 सरेनी एवं 183 ऊंचाहार के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान स्थलों/बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) की उपस्थिति में आवश्यक सूचियां प्रदर्शित की गईं।
इस दौरान दिनांक 06 जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली के साथ-साथ गणना अवधि में अप्राप्त (Uncollectable) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड), मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित सूचियां भी बूथों पर प्रदर्शित की गईं।
मतदाताओं को नामावली में प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यक होने पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इसके साथ ही सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर अभियान की निगरानी करते रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी निर्वाचन में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही सूची में शामिल रहें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रदर्शित सूचियों का अवलोकन कर समय रहते आवश्यक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करें।


















