रायबरेली। रायबरेली प्रीमियर लीग (RPL) सीजन-6 में आज खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई। पहले सेमीफाइनल में फिनटेक लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मुशीर दबंग ने रोमांचक मुकाबले में बाजी मारकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल: फिनटेक लायंस बनाम नदीम सिद्दीकी क्रिकेट क्लब
पहले सेमीफाइनल में फिनटेक लायंस और नदीम सिद्दीकी क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फिनटेक लायंस ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान जयप्रकाश गुप्ता ने 46 रन की अहम पारी खेली, जबकि अनुज वर्मा ने 37 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से मूफीज गाजी और कप्तान उमर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नदीम सिद्दीकी क्रिकेट क्लब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी और यह मुकाबला 9 रन से हार गई। टीम की ओर से उत्कर्ष पाल ने 47 रन और अक्षय प्रताप ने 21 रन बनाए। फिनटेक लायंस की गेंदबाजी में सोमेंद्र सिंह ने तीन विकेट, जबकि जयप्रकाश गुप्ता और हिमांशु दुबे ने दो-दो विकेट लिए। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जयप्रकाश गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा सेमीफाइनल: मुशीर दबंग बनाम सिक्का स्पोर्टिंग क्लब
दूसरे सेमीफाइनल में मुशीर दबंग और सिक्का स्पोर्टिंग क्लब आमने-सामने रहे। टॉस जीतकर मुशीर दबंग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिक्का स्पोर्टिंग क्लब ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए। राहुल यादव ने 49 रन की पारी खेली, जबकि अर्जुन दुबे ने 32 रन बनाए। मुशीर दबंग की ओर से बृजेंद्र पटेल ने तीन और अथर्व यादव ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुशीर दबंग ने 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 145 रन बनाते हुए मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। टीम के लिए आदित्य सिंह ने 47 रन की अहम पारी खेली, जबकि कप्तान फहद (27), अंकित शर्मा (25) और अपूर्व (23) ने उपयोगी योगदान दिया। सिक्का स्पोर्टिंग क्लब की ओर से वैभव पाल और अर्जुन दुबे ने दो-दो विकेट लिए। इस मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आदित्य सिंह को मिला।
अब रायबरेली प्रीमियर लीग सीजन-6 का फाइनल मुकाबला फिनटेक लायंस और मुशीर दबंग के बीच खेला जाएगा, जिसको लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

















