2027 की तैयारी शुरू: बृजमनगंज में बसपा कार्यकर्ताओं की अहम बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के नयनसर ग्रामसभा अंतर्गत खुरामपुर गांव में बुधवार शाम बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक खुरामपुर निवासी समाजसेवी महेंद्र कुमार प्रसाद के आवास पर संपन्न हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महेंद्र कुमार प्रसाद ने पार्टी पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने और बसपा की नीतियों व कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की राजनीति करती रही है और इसे गांव-गांव तक ले जाना कार्यकर्ताओं की अहम जिम्मेदारी है।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी कमलेश कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष नारद राव, जिला कोषाध्यक्ष लालजी पाण्डेय, विधानसभा प्रभारी धर्मेंद्र राव, पूर्व विधानसभा प्रभारी डॉ. राहुल कुमार एवं विधानसभा अध्यक्ष दुर्विजय गौतम ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि आने वाला चुनाव संगठन की मजबूती और जमीनी सक्रियता की परीक्षा होगा, इसलिए अभी से रणनीतिक तैयारी जरूरी है।

पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्रीय मुद्दों को प्राथमिकता देने, मतदाताओं से सतत संवाद बनाए रखने और पार्टी की विचारधारा को सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने पर बल दिया। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ पार्टी को मजबूत करेंगे तथा बसपा प्रत्याशी को अधिकतम मतों से विजयी बनाने का प्रयास करेंगे।

बैठक में सदाबहार राव, संजय राव, बुद्धरतन, मनोज त्रिपाठी, अमित पासवान, राजकुमार कन्नौजिया, शिवाजी राव, रामू बौद्ध, दिलीप बौद्ध, बबलू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts