बृजमनगंज में ‘विकसित भारत गारंटी मिशन’ पर जन संवाद, 125 दिन रोजगार और बेरोजगारी भत्ते की दी जानकारी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज विकास खंड क्षेत्र में ग्रामीण रोजगार और आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर को कोल्हुई स्थित अमृत सरोवर परिसर में ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-GRAM G-2025)’ पर आधारित जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मिशन के उद्देश्यों, लाभों और नागरिक अधिकारों को लेकर ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। जन संवाद कार्यक्रम में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला, ग्राम प्रधान राम केश प्रजापति, ग्राम पंचायत सचिव अरुण कुमार ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत के नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि इस मिशन के अंतर्गत पात्र परिवारों को 125 दिन तक रोजगार की गारंटी प्रदान की जाती है।

यदि किसी कारणवश लाभार्थी को निर्धारित अवधि में रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो ऐसे मामलों में बेरोजगारी भत्ता दिए जाने का स्पष्ट प्रावधान है।
अधिकारियों ने कहा कि मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण, समयबद्ध कार्य निष्पादन और मजदूरी के भुगतान में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

कार्यस्थलों पर उपस्थिति, मजदूरी की गणना और भुगतान की पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत संचालित की जाती है, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि मिशन से जुड़े कानून और दिशा-निर्देश मजबूत हैं तथा ग्रामीण नागरिकों के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित हैं। लाभार्थी किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए संबंधित पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक संपर्क कर सकते हैं।

जन संवाद में ग्राम पंचायत निवासी बेचन पासवान ने मजदूरी के दिनों की गणना और भुगतान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाया, जिस पर अधिकारियों ने स्पष्ट जानकारी दी और सभी शंकाओं का समाधान किया। इसके साथ ही ग्रामीणों को समय पर कार्य मांग दर्ज कराने और रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और रोजगार से जुड़े अधिकारों की जानकारी देना रहा, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts