वृहद रोजगार मेले की तैयारी तेज, 27 फरवरी को आयोजन प्रस्तावित

रायबरेली। जनपद में वृहद रोजगार मेले के सफल आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में रोजगार मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले इस वृहद रोजगार मेले में 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। रोजगार मेले का आयोजन कर्मयोगी डिग्री कॉलेज के परिसर में 27 फरवरी 2026 को प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी ने रोजगार मेले के आयोजन स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीने के पानी, स्वच्छता, मोबाइल टॉयलेट, पुलिस व्यवस्था, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था तथा साउंड सिस्टम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने रोजगार मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर निगम, तहसील और ब्लॉक स्तर पर होर्डिंग, पंपलेट, सोशल मीडिया, लाउडस्पीकर, एसएमएस एवं एफएम माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी रोजगार मेले में भाग ले सकें और रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, सहायक सेवा योजन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *