रुका था काम, फिर कैसे शुरू हुआ निर्माण? तहसील-नगर निगम पर सवाल

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र में एक सरकारी गाटा संख्या की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पहले शिकायत के बाद तहसील प्रशासन ने जांच कर निर्माण को अवैध मानते हुए रुकवा दिया था, लेकिन अब उसी जमीन पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व संबंधित गाटा संख्या पर सरकारी भूमि पर बिना अनुमति निर्माण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तहसील की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। निरीक्षण में यह पाया गया कि भूमि सरकारी श्रेणी में दर्ज है और बिना वैधानिक अनुमति निर्माण कराया जा रहा है।

जांच के बाद प्रशासन ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया था। चूंकि उक्त भूमि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आती है, इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए नगर निगम को भी अवगत कराया गया था।

हालांकि अब स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि उसी स्थान पर दोबारा निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इससे पहले की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि भूमि सरकारी है तो दोबारा निर्माण कैसे शुरू हो गया। उन्होंने प्रशासन से पुनः स्थलीय निरीक्षण कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिशों पर रोक लग सके।

फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से ताजा बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि तहसील और नगर निगम प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts