बृजमनगंज में श्याम महोत्सव की धूम, पूरी रात भजनों पर झूमे श्रद्धालु

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महाराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज के रामलीला मैदान में शनिवार की शाम से आयोजित श्याम महोत्सव में श्रद्धालु पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहे। खाटू श्याम बाबा के भजनों पर भक्तगण नाचते-गाते नजर आए और पूरा मैदान जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उन्होंने बाबा श्याम के चरणों में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मारवाड़ी समुदाय द्वारा पिछले छह वर्षों से लगातार इस भव्य आयोजन का सफल संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से समाज में आध्यात्मिक जागरण और सांस्कृतिक एकता को बल मिलता है। वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों की विशेष आवश्यकता है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।

श्याम महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायिका शिप्रा सलोनी और भजन गायक प्रमोद चंचल ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूरी रात भजन संध्या में “श्याम बाबा” के जयकारों के बीच श्रद्धालु झूमते रहे। भक्ति गीतों की धुन पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मंच की आकर्षक सजावट और रोशनी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

रामलीला मैदान में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस महोत्सव को यादगार बना दिया। आयोजन स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था देखने को मिली। भक्तों के लिए बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम में श्याम मित्र मंडल के सहयोगियों के साथ नटवर गोयल, महेंद्र अग्रवाल, सोना अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, छवि गोयल, धीरज गोयल, पप्पू तुलस्यान, मुस्कान गोयल, अनूप मोदी, बैजनाथ अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, कुंदन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महोत्सव के दौरान पूरा नगर भक्ति भाव में सराबोर दिखाई दिया। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *