त्योहारों पर शांति बनाए रखने की अपील, जनपद में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च

रायबरेली। होली एवं रमजान पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद रायबरेली में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया कि कानून-व्यवस्था के मद्देनजर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं थाना अध्यक्षों द्वारा भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा या विवादास्पद गतिविधि को अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी कार्यक्रम परंपरागत ढंग से ही आयोजित किए जाएंगे।

अपर जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के अवसर पर विशेष सतर्कता बरती जाए। यदि किसी प्रकार की समस्या या विवाद की सूचना मिलती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

साथ ही, पर्वों के दौरान उपयोग में आने वाले स्थलों एवं मार्गों की अनिवार्य साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में संबंधित नगर पालिका/नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। पानी और बिजली की निर्बाध आपूर्ति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि होली और रमजान जैसे पवित्र पर्व आपसी सद्भाव, अमन-चैन और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts