रायबरेली। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी में तैनात पुलिस बल और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम और एसपी ने आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज, वैदिक इंटर कॉलेज तथा फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी की स्थिति का भी अवलोकन किया गया।
जनपद में यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक दिन दो पालियों में संपन्न हो रही है। पहली पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में लगभग 3600 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जा रही है। इसके साथ ही अधिकारियों को भ्रमणशील रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षार्थियों के आवागमन और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को कोई असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।


















