सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों ने अब लोगों की रसोई का तरीका बदल दिया है। गैस सिलेंडर समय पर न मिलने से परेशान लोग अब बड़े पैमाने पर इंडक्शन चूल्हों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे बाजार में इनकी मांग अचानक कई गुना बढ़ गई है।
स्थानीय बाजार में स्थिति यह है कि जहां पहले महीने में मुश्किल से 4–5 इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, वहीं अब रोजाना कई पीस की बिक्री हो रही है। बढ़ती मांग के चलते कई दुकानों पर इंडक्शन चूल्हे पूरी तरह आउट ऑफ स्टॉक हो चुके हैं।
10 से 20 गुना तक बढ़ी मांग
प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर अनिल जायसवाल, शिव इलेक्ट्रॉनिक के एसपी जायसवाल और नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के अब्दुल अजीज खान बताते हैं कि गैस की अनियमित सप्लाई और बढ़ती कीमतों के कारण लोग तेजी से इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों की ओर बढ़ रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की मांग 10 से 20 गुना तक बढ़ गई है। पहले जहां दिनभर में 1–2 इंडक्शन बिकते थे, अब दर्जनों ग्राहक रोज खरीदने पहुंच रहे हैं।
हाई-पावर इंडक्शन की ज्यादा डिमांड
व्यापारियों का कहना है कि 1600 वॉट से लेकर 3000 वॉट तक के हाई-पावर इंडक्शन चूल्हों की सबसे ज्यादा मांग है, क्योंकि ये कम समय में तेजी से खाना पकाने में सक्षम होते हैं। वहीं कई ग्राहक अब कमर्शियल इंडक्शन की भी मांग कर रहे हैं, लेकिन बाजार में इनकी उपलब्धता बेहद कम है।
स्टॉक खत्म, सप्लाई बनी चुनौती
अचानक बढ़ी मांग के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हों का स्टॉक तेजी से खत्म हो गया है। दुकानदारों को अब नए ऑर्डर देने पड़ रहे हैं, लेकिन कंपनियों के लिए सप्लाई बढ़ाना चुनौती बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि इंडक्शन चूल्हों के कई जरूरी कंपोनेंट विदेशों, खासकर चीन से आते हैं, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।
बढ़ सकती हैं कीमतें
व्यापारी अब्दुल अजीज खान के अनुसार फिलहाल कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन यदि कंपोनेंट की कमी बढ़ी तो 5 से 10 प्रतिशत तक कीमत बढ़ने की संभावना है।
ऑनलाइन बाजार में भी तेजी
सिर्फ स्थानीय बाजार ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इंडक्शन चूल्हों की बिक्री तेज हो गई है। कई ई-कॉमर्स और इंस्टेंट डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर स्टॉक खत्म (Sold Out) की स्थिति देखने को मिल रही है।
गैस संकट के बीच बृजमनगंज में यह बदलाव साफ संकेत दे रहा है कि लोग अब रसोई के लिए वैकल्पिक और आधुनिक विकल्पों को तेजी से अपना रहे हैं।


















