सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। कोतवाली क्षेत्र में अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विजय पुत्र हरप्रसाद, निवासी चकरपुर, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 18 मार्च को वह दोपहर करीब 3 बजे अपने एक परिचित से मिलने के लिए मुंडिया चौराहा स्थित डॉ. हरीश लखा के अस्पताल के पास गया था। उसने अपनी बाइक (नंबर PB11C5956) अस्पताल के गेट के सामने खड़ी की और अंदर चला गया।
कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब थी। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोर ने उसकी बाइक चोरी कर ली। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बाइक बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


















