त्योहारों से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान! बाजपुर में अलर्ट, हुड़दंगियों पर सख्ती तय

सलमान खान

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। नवरात्र, अलविदा जुम्मा और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बाजपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाजपुर कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में सर्वधर्म के संभ्रांत लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस द्वारा क्षेत्र के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। साथ ही पुलिस टीम लगातार भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। भ्रामक खबरें फैलाने या विवादित पोस्ट के जरिए माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों को खुशी और भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी भी गतिविधि से दूसरों को परेशानी न हो। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *