शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने जन सहयोग से दो शातिर नकबजन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28/03/2026 को वादी रामवृक्ष यादव उर्फ बबलू पुत्र राम यादव निवासी सराफतनगर कॉलोनी रहीमाबाद, सरोजनीनगर लखनऊ, महेन्द्र प्रताप त्रिवेदी पुत्र ज्ञानेंद्र कुमार त्रिवेदी तथा दानिश पुत्र नासिर निवासी बदालीखेड़ा थाना सरोजनीनगर, दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों साहिद खान उर्फ अब्दुल समद खान निवासी बेगमगंज थाना कोतवाली नगर बाराबंकी और अमन कश्यप पुत्र सुरेश कश्यप निवासी गिंदनखेड़ा नादरगंज थाना सरोजनीनगर को पकड़कर थाना लेकर पहुंचे।
वादीगण ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि पूर्व में उनकी दुकानों से चोरी की घटनाएं हुई थीं। सीसीटीवी फुटेज में आए संदिग्ध की पहचान कर तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर साहिद खान को बदालीखेड़ा क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में साहिद खान ने बताया कि उसने चोरी किया गया सामान अमन कश्यप को बेच दिया है। इसके बाद अमन कश्यप की कबाड़ की दुकान पर पहुंचकर जांच की गई, जहां से चोरी किया गया मोटरसाइकिल का सामान बरामद हुआ।
बताया गया कि 17 मार्च 2026 को रामवृक्ष यादव के गैराज से मोटरसाइकिल के पार्ट्स चोरी हुए थे। वहीं 25 मार्च को दानिश की कबाड़ की दुकान से मोटर पार्ट्स चोरी हो गए थे। इसके अलावा कुछ समय पूर्व महेन्द्र प्रताप त्रिवेदी की दुकान से भी सामान चोरी हुआ था।
उक्त तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 305ए, 331(4), 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चंदन यादव को सौंपी गई है।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















