रवि सोनी
बहराइच। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन तथा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में हुई।
कार्यक्रम के पहले दिन स्वयं सहायता समूहों की 150 महिलाओं को आपदा जोखिम न्यूनीकरण में उनकी भूमिका को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।
अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन 29 मार्च को जनपद स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि अंतिम दिन 30 मार्च को 100 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी कलेक्टर लालधर सिंह यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अपील की कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने समूह की अन्य महिलाओं और क्षेत्र के लोगों तक जरूर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय रहते तैयारी और सतर्कता से इनके प्रभाव को कम जरूर किया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से बहराइच जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताया और सभी प्रतिभागियों से मनोयोग के साथ प्रशिक्षण लेने और आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला आपदा विशेषज्ञ सुनील कुमार कनौजिया ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण के विषय पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार वर्मा, सुनील कुमार चौधरी और शिवम सिंह ने विभिन्न आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इस संबंध में प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आपदा प्रबंधन कार्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।


















