रायपुर में धर्म परिवर्तन कानून के खिलाफ उबाल, सड़कों पर उतरा क्रिश्चियन समुदाय
आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)
रायपुर (छत्तीसगढ़)। धर्म परिवर्तन कानून को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिश्चियन समुदाय के लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने शहर में विशाल रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कानून को निरस्त करने की मांग की।
रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क नजर आया। शहर के विभिन्न हिस्सों में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद रैली में उमड़ी भीड़ ने सभी का ध्यान खींचा। जहां तक नजर जाती, लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही थी।
बताया जा रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से क्रिश्चियन समुदाय के लोग इस रैली में शामिल होने पहुंचे थे।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के इस कानून को “काला कानून” बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
रैली में शामिल लोगों ने मीडिया से बातचीत में सरकार की नीति की कड़ी आलोचना की और कहा कि यह कानून उनके अधिकारों के खिलाफ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द इस पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना है कि इस मुद्दे पर उन्हें अन्य सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी किया जा सकता है।
साथ ही अन्य राज्यों से भी लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
