सरोजनीनगर में पांचवें बड़े मंगल पर भक्ति का उत्सव, जगह-जगह विशाल भंडारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

  • नादरगंज और अमौसी में आयोजित भंडारों में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का दिखा अनूठा संगम

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल पर सरोजनीनगर क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना और विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने बजरंगबली के जयकारों के बीच प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।

नादरगंज स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने वर्षों पुराने हिंदू राष्ट्रीय बालाजी मंदिर परिसर में समाजसेवी एवं मंदिर संचालक पिंटू यादव के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

भंडारे में शरबत, छोला-चावल, बूंदी और फलों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद गीता देवी, पत्रकार बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्थानीय पुलिसकर्मी भी पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में शिव भूषण मिश्रा, आस्तिक, जय जय राम उपाध्याय, दीपक यादव, अमरेश यादव, रवि वलेचा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहयोग किया।

वहीं सरोजनीनगर क्षेत्र के गंगानगर अमौसी में शांति नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रितेश सिंह चौहान और समाजसेवी पवन सिंह चौहान के नेतृत्व में भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि कृपा शंकर शुक्ला, रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राजधानी प्रेस क्लब के संरक्षक संजय सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा, रामू सिंह, बबुआ सिंह, रविंद्र सिंह चौहान, पूर्व प्रधान पवन सिंह नटकुर, पार्षद गीता देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। आयोजकों की ओर से पत्रकारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सेवा भावना और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts