सरोजनीनगर में 15 हजार की भीड़, कन्हैया मित्तल के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित भव्य “धर्म उत्सव सरोजनीनगर” एवं भजन संध्या कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। नटुकुर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इसे एक विशाल जनआस्था के पर्व का रूप दे दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शुरुआत में किशोर चतुर्वेदी की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद भजन सम्राट कन्हैया मित्तल के मंच पर पहुंचते ही पूरा मैदान “राम नाम” के जयकारों से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय भजन “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर को विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अब तक 220 मंदिरों का सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया जा चुका है। साथ ही रामरथ श्रवण यात्रा के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन भी कराए गए हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में अब श्याम भक्तों के लिए “श्याम रथ यात्रा” भी शुरू की जाएगी और लखनऊ में खाटू श्याम मंदिर के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इस प्रस्ताव को भजन गायक कन्हैया मित्तल के आग्रह पर उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने जोरदार समर्थन दिया।

इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कन्हैया मित्तल को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, विवेक राजपूत, के.के. श्रीवास्तव, दल बहादुर सिंह, विनोद कुमार मौर्य, रमाकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

पूरे आयोजन में सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

अंत में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक एकता, सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts