नवयुग चिल्ड्रेन एकेडमी में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

शकील अहमद

लखनऊ, उन्नाव। जनपद उन्नाव के मोहान क्षेत्र स्थित नवयुग चिल्ड्रेन एकेडमी जूनियर हाई स्कूल, न्योतनी में 23 नवम्बर 2025 को दिव्य प्रगति सेवा संस्थान, लखनऊ द्वारा भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुँचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस सामाजिक पहल को भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास संस्थान (IREDA), भारत सरकार, नई दिल्ली ने प्रायोजित किया, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम को विशेष सहयोग प्रदान किया।

शिविर में मुख्य अतिथि ओम प्रकाश कनौजिया चेयरमैन, न्योतनी (हसनगंज) तथा विशिष्ट अतिथि खण्ड विकास अधिकारी हसनगंज निशा सागर और नवयुग चिल्ड्रेन एकेडमी के जितेन्द्र सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है और ऐसे शिविर समाज के लिए लाभदायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम का संचालन दिव्य प्रगति सेवा संस्थान आलमबाग लखनऊ की अध्यक्षा पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि संस्थान आगे भी विभिन्न जनहित कार्यों के माध्यम से समाज सेवा जारी रखेगा।

शिविर में विशेषज्ञ टीम द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, महिला स्वास्थ्य जाँच और सामान्य चिकित्सीय परामर्श जैसी सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुँचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराए और आयोजन को उत्कृष्ट पहल बताया। क्षेत्रवासियों का कहना था कि ऐसे शिविर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *