रायबरेली में 50 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, अदिति सिंह ने ‘नारी शक्ति वंदन’ पर दिया जोर

रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने विकास खंड राही परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा सदर क्षेत्र के 50 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। इनमें विकास खंड राही के 21 तथा अमावां के 29 आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विधायक ने तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। साथ ही पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए।

अपने संबोधन में अदिति सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता में शामिल है, जिससे बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और बच्चों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, जो विकसित भारत के निर्माण में सहायक होंगी।

इस अवसर पर आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र नौनिहालों के समग्र विकास की मजबूत नींव हैं, साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने में भी इनकी अहम भूमिका है।

उन्होंने हाल ही में संसद में प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने वाला ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि बुनियादी विकास और नारी सशक्तिकरण को साथ लेकर रायबरेली को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उपायुक्त (श्रम एवं रोजगार) प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, खंड विकास अधिकारी राही गौरी राठौर सहित संबंधित अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts