रायबरेली में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग की बैठक

ड्रोन से होगी निगरानी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

रायबरेली। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) और अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शुक्रवार को कोतवाली नगर परिसर में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए। अधिकारियों ने सभी समुदायों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि सभी त्योहार अमन-चैन के साथ मनाए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ईदगाहों, मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों पर समय से साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों और आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ त्योहार में सहयोग करेगा। नमाज स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की बात कही।

इस अवसर पर राम अवतार, अरूण कुमार सहित विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts