राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 3 फरवरी से खुलेगा, 31 मार्च तक आम जनता को निःशुल्क प्रवेश

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस अवधि में लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक (अंतिम प्रवेश 5:15 बजे) उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे।

उद्यान प्रत्येक सोमवार को रखरखाव के कारण बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त 4 मार्च 2026 को होली के अवसर पर भी अमृत उद्यान आम जनता के लिए बंद रहेगा।

अमृत उद्यान के भ्रमण के लिए पंजीकरण और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। आगंतुक ऑनलाइन बुकिंग visit.rashtrapatibhavan.gov.in के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अलावा, प्रवेश द्वार के बाहर उपलब्ध स्वयं सेवा कियोस्क से भी सीधे टिकट प्राप्त किए जा सकेंगे।

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास की व्यवस्था नॉर्थ एवेन्यू मार्ग के समीप स्थित गेट संख्या 35 से की गई है। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

यह शटल सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक प्रत्येक 30 मिनट पर संचालित होगी। शटल बसों की पहचान ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर के माध्यम से की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *