- स्थानांतरण और समायोजन के नाम पर मांगी जा रही धनराशि, बीएसए बोले- किसी के बहकावे में न आएं
रायबरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रायबरेली ने जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए महत्वपूर्ण विज्ञप्ति जारी की है। विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नंबर 9795063692 और 9936701664 से संपर्क कर स्वयं को शिक्षा विभाग का अधिकारी बताकर स्थानांतरण और समायोजन कराने के नाम पर धनराशि की मांग कर रहे हैं।
बीएसए कार्यालय की ओर से मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें संबंधित व्यक्तियों की पहचान और पता अज्ञात पाया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि इन व्यक्तियों का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रायबरेली से कोई संबंध नहीं है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कार्यालय अथवा उसके किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा किसी भी सरकारी कार्य के निस्तारण के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से धनराशि की मांग नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्य शासनादेशों, नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संपादित किए जाते हैं।
बीएसए ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को बीएसए कार्यालय का अधिकारी, कर्मचारी या प्रतिनिधि बताकर फोन, सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप अथवा अन्य माध्यमों से धनराशि की मांग करता है, तो उसके बहकावे में न आएं और किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी के प्रयास की सूचना तत्काल निकटतम थाना, साइबर सेल तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बीएसए ने कहा कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान व्यक्ति पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की आर्थिक या अन्य हानि से बचा जा सके।













