बाल कैंसर के खिलाफ जागरूकता की मुहिम, लखनऊ के SGPGI में साइक्लोथॉन आयोजित

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) के जी.के. खुराना ऑडिटोरियम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में होने वाले कैंसर के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और उपचार के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना था।

इस अवसर पर साइक्लोथॉन का आयोजन कर बच्चों के कैंसर के बारे में जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ‘स्किड’ (SKID) प्रभाव को भी रेखांकित किया गया तथा प्रतिबद्धता नवीनीकरण पर प्रकाश डाला गया, ताकि बाल कैंसर से लड़ाई को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. राधा कृष्ण धीमान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेन्द्र कुमार गुप्ता, प्रो. डॉ. बसंत कुमार (विभागाध्यक्ष, पीडियाट्रिक गैस्ट्रोसर्जरी), प्रो. डॉ. हर्ष वर्धन, श्रीमती राधा कृष्ण (प्रिंसिपल, नर्सिंग कॉलेज), रीता आर्य (एएनएस), अर्चना सिंह यादव और श्रवण दासस्वामी सहित अन्य चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि बाल कैंसर के मामलों में समय पर पहचान और उपचार अत्यंत आवश्यक है। समाज में जागरूकता बढ़ाकर और चिकित्सा सुविधाओं को सुलभ बनाकर बच्चों के जीवन को बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में लंबे समय तक बुखार, असामान्य सूजन, कमजोरी या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts