हरनामपुर चौराहे के पास मिट्टी के ढेर से टकराई बाइक, दो युवक घायल,एक की हालत गंभीर

  • रात में अंधेरा होने के कारण नहीं दिखा सड़क किनारे पड़ा मिट्टी का ढेर, दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर रविवार रात सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से बाइक टकरा जाने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा पृथ्वीपालगढ़ टोला शीतलपुर निवासी शाकिर अली अपने रिश्तेदार करम अली निवासी सिकंदरपुर के साथ रविवार रात करीब साढ़े दस बजे बाइक से फरेंदा की ओर से बृजमनगंज आ रहे थे। जैसे ही वे हरनामपुर चौराहे के पास पहुंचे, सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर को अंधेरा होने के कारण देख नहीं सके और बाइक उससे टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *