‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा बृजमनगंज, महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। महाशिवरात्रि के अवसर पर बृजमनगंज क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिरों में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह भोर होते ही मंदिर परिसरों में भक्तों का आना शुरू हो गया था। हाथों में जल, बेलपत्र, दूध और फूल लिए श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए पंक्तिबद्ध दिखाई दिए।

पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विशेष सजावट और विधि-विधान से पूजा

क्षेत्र के रामलीला पड़ाव मंदिर, शिवालय पोखरा शिव मंदिर, ठाकुरद्वारा शिव मंदिर, गल्ला मंडी शिव मंदिर, थाना बृजमनगंज शिव मंदिर, शाहाबाद शिव मंदिर, देवगढ़वा शिव मंदिर, हनुमानपुर चौराहा शिव मंदिर तथा बड़ीहारी शिव मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था।

रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजे मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। कई श्रद्धालु व्रत रखकर सुबह से ही पूजा-अर्चना में जुटे रहे। भक्तों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।

श्रद्धालुओं ने बताया आस्था का महत्व

श्रद्धालु राजेश, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, दिलीप चौधरी, मनोज जायसवाल, जेपी गौड़, जितेंद्र कुमार, झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, रवि वर्मा, पीयूष जायसवाल और सूरज सिंह जायसवाल ने बताया कि महाशिवरात्रि उनके लिए आस्था और श्रद्धा का विशेष पर्व है। उन्होंने कहा कि इस दिन भगवान शिव के दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और मन को शांति मिलती है।

मंदिर समिति की व्यवस्था

मंदिर के महंत गिरी जी ने जानकारी दी कि महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी। दोपहर तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा और पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *