सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना बृजमनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा अनिरुद्ध कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक गुप्ता (36) पुत्र राजदेव निवासी उटिया थाना उसका बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना बृजमनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 101/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पूर्व से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थानाध्यक्ष बृजमनगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 9:05 बजे अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, उप निरीक्षक आलोक यादव, मुख्य आरक्षी हृदय यादव एवं आरक्षी संदीप गौतम शामिल रहे।


















