- थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र के नेतृत्व में बाजार और ग्रामीण क्षेत्रों में निकाला गया मार्च, अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को बृजमनगंज पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, विभिन्न वार्डों तथा मिश्रौलिया, पंडितपुर बंजरहा, नयनसर, लेहड़ा स्टेशन, करमहा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण भी किया और लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी के अलावा ताड़केश्वर वर्मा, निरंजन राय, गजेंद्र प्रताप सिंह, सावंत कुमार, राजन पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया और लोगों में प्रशासन की तैयारियों को लेकर भरोसा बढ़ा।













