विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
आर स्टीफ़न
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी)। मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए राहत और विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर हसदेव नदी पर बनने वाले पाराडोल एनीकट के निर्माण हेतु 10 करोड़ 4 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस परियोजना को जल संसाधन विभाग ने मंजूरी दी है। एनीकट के निर्माण से मनेंद्रगढ़ के लगभग 80 हेक्टेयर क्षेत्र को निस्तारी, पेयजल, भूजल संवर्धन और किसानों के लिए स्वयं के साधन से सिंचाई जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। परियोजना से कृषकों को सिंचाई के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की जल समस्या में भी सुधार होगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह एनीकट परियोजना मनेंद्रगढ़ के ग्रामीण और कृषक जीवन में विकास की नई धारा प्रवाहित करेगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस स्वीकृति को लेकर मंत्री श्री जायसवाल के प्रति आभार जताया और इसे क्षेत्रीय विकास का मील का पत्थर बताया।
