मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ पुस्तक का विमोचन

  • डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की सरोजनी नगर की विकास यात्रा और जनभागीदारी आधारित पहलें

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनके कर-कमलों से अपनी पुस्तक ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ का विमोचन कराया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को पुस्तक की विषयवस्तु से अवगत कराते हुए सरोजनी नगर की विकास यात्रा, जनभागीदारी आधारित पहलों और क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों की जानकारी दी।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, निवेश, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, निर्णायक नेतृत्व और भ्रष्टाचार व अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

उन्होंने बताया कि ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और जनप्रतिनिधि के दायित्वों का जीवंत दस्तावेज है। पुस्तक में बीते चार वर्षों से अधिक समय में सरोजनी नगर में किए गए विकास कार्यों, जनसेवा अभियानों, नवाचारों और दूरदर्शी पहलों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह पुस्तक सरोजनी नगर के लाखों नागरिकों के विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास यात्रा का प्रतीक है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, खेल, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति, निवेश, रोजगार और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री को पुस्तक के माध्यम से सरोजनी नगर में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों की जानकारी भी दी गई। इनमें नेट जीरो सरोजनी नगर, तारा शक्ति केंद्र, सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग, रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा तथा आरबीएस डिजिटल इम्पावरमेंट सेंटर जैसी पहलें शामिल हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि इन अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सांस्कृतिक जागरण और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पुस्तक में सरोजनी नगर के भविष्य के विकास विजन और परिवर्तनकारी परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है। इनमें स्टेट कैपिटल रीजन (SCR), एरो सिटी, उत्तर प्रदेश की पहली एआई सिटी, अशोक लीलैंड एवं ईवी बस निर्माण परियोजनाएं, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार तथा देश के पहले नौसेना शौर्य संग्रहालय जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रमुख हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और सरोजनी नगर परिवार के सहयोग से क्षेत्र निरंतर विकास और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने पुस्तक के विमोचन और सरोजनी नगर की विकास यात्रा को आत्मीयता से सुनने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सरोजनी नगर सेवा, सुशासन और विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts