भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति को लेकर सीएम योगी सख्त, अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

  • बढ़ती बिजली मांग के बीच ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

सलमान खान

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव और शहर दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बेहतर, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सभी उत्पादन इकाइयों को पूरी दक्षता के साथ संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बिलिंग और कलेक्शन क्षमता में भी सुधार किया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वर्ष प्रदेश में बिजली की पीक डिमांड 30,339 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बढ़ती मांग के बावजूद कहीं भी बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

सीएम ने ट्रांसमिशन नेटवर्क को और अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि फीडर वाइज मॉनिटरिंग की जाए और जिम्मेदारी तय कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियों में भी विद्युत व्यवस्था जल्द बहाल करने के लिए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा मंत्री और राज्य मंत्री को हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को भी कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों को बिजली आपूर्ति से जुड़ी सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को यह भी बताया जाए कि समस्या का समाधान कब तक होगा।

उन्होंने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय पर और सही बिल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता और उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts