- विशेष वाहन चेकिंग अभियान में दस्तावेजों की जांच, काली फिल्म और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में बृजमनगंज कस्बे में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

प्रमुख मार्गों पर हुई गहन जांच
पुलिस टीम ने कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों 88वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान यह भी देखा गया कि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। बिना आवश्यक दस्तावेजों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी दी गई तथा नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
अवैध हूटर, सायरन और काली फिल्म पर सख्ती
अभियान के दौरान कई वाहनों में अवैध रूप से लगे हूटर, सायरन और काली फिल्म पाए गए। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निजी वाहनों पर हूटर, सायरन और काली फिल्म का प्रयोग नियमों के विरुद्ध है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
सीओ दीपशिखा वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया ताकि वे भविष्य में नियमों का पालन करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ऐसे चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, आलोक यादव, राजन पासवान, सामंत कुमार, निरंजन राय, अर्चना यादव, प्रिया पटेल, कांस्टेबल अरविंद खरवार, बृजेश पाल, संदीप कुमार, प्रवीण कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













