शकील अहमद
लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर प्रथम वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद गीता देवी गुप्ता ने गंभीर रुख अपनाया है। रविवार को आयोजित बैठक में उन्होंने वार्ड के सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारियों के साथ मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और साफ शब्दों में कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान पार्षद ने वार्ड के अलग-अलग इलाकों में नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठान और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम जनता की भी भागीदारी जरूरी है।
वार्ड को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। पार्षद गीता देवी गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र से गंदगी, जलभराव या कूड़ा जमा होने की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी और निरीक्षण जारी रहेगा। बैठक में सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए गए।
इस दौरान वार्ड के सुपरवाइजर, सफाई कर्मचारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।













