सरोजनीनगर में पार्षद रामनरेश रावत ने किया सीसी रोड और नाले का शिलान्यास, 75 लाख से अधिक की परियोजना शुरू

लखनऊ। सरोजनी नगर वार्ड द्वितीय-18 में बुनियादी ढांचा सुधार को गति देते हुए पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने गुरुवार को दो महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। महापौर सुषमा खर्कवाल के अवस्थापना निधि तथा पार्षद निधि से होने वाले इन विकास कार्यों से शमा विहार कॉलोनी और आजाद नगर में लंबे समय से बनी जलनिकासी व खराब सड़क की समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है।

शमा विहार कॉलोनी में बिलाल के घर से जहीर खान के आवास होते हुए सौरभ पाल के घर तक 200 मीटर लंबी व 4 मीटर चौड़ी सीसी सड़क तथा नाली का निर्माण कराया जाएगा। वहीं आजाद नगर में सुखरानी क्लीनिक से मंगल पांडे पार्क तक 400 मीटर लंबे सीसी नाले का निर्माण मंजूर किया गया है। पार्षद ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ कराया।

पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आजाद नगर क्षेत्र में 20–25 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। वर्षभर सड़क पर पानी भरा रहने से लोगों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित होता था। महापौर द्वारा स्वीकृत 49 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि से सीसी नाला तथा 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय नागरिक इस निर्णय से बेहद उत्साहित दिखे और पार्षद का स्वागत कर आभार जताया।

शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नगर निगम और भाजपा संगठन के सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। पार्षद रामनरेश रावत ने कहा कि दोनों कॉलोनियों के निवासियों को अब जलभराव और खराब सड़क की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में रामेश्वर त्यागी, प्रीतम सिंह, धनेश मिश्रा, अमरनाथ यादव, जयराम यादव, द्वारिका प्रसाद विश्वकर्मा, फूलचंद गौतम, दीनानाथ ओझा, अशोक ओझा, ऋषि राम यादव, सूर्यकुमार मिश्रा, विनोद चौरसिया, इरफान अहमद, इरशाद अली, अब्बास, वीरेंद्र सिंह, प्रिंस, विमलेश प्रजापति, नवीन त्रिवेदी, जहीर खान, बिलाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *