रायबरेली: बिजली बिल वसूली के दौरान विवाद, चार कर्मी घायल

रायबरेली। थाना खीरों क्षेत्र के अंतर्गत मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव में बिजली का बकाया बिल वसूलने गई विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

घटना में बिल वसूली के लिए गए चार विद्युत कर्मी घायल हो गए। अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं उपभोक्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलुआ खेड़ा क्षेत्र के अवर अभियंता विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम गांव में राजस्व वसूली के लिए गई थी। इस दौरान बकाया बिल को लेकर उपभोक्ताओं से विवाद हो गया। अवर अभियंता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी रामअवतार पुत्र वृंदावन उसके पुत्र दिलीप यादव, दीपक यादव तथा रिश्तेदार जीत लाल ने विभागीय कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

घटना में विवेक मिश्रा (टीजी-2), मनोज, अनूप और रामकिशोर घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद अवर अभियंता ने थाना खीरों में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार अवर अभियंता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर उपभोक्ता पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर अवर अभियंता और बिल वसूली टीम के सदस्यों पर अपशब्दों के प्रयोग, अभद्रता और गलत व्यवहार के आरोप लगाए हैं। उपभोक्ता का कहना है कि वसूली के दौरान टीम का रवैया आपत्तिजनक था।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। उपभोक्ता द्वारा दी गई शिकायत पर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts