- श्यामदेउरवा में दवा लेने जा रहे थे वृद्ध, पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सौरभ जायसवाल
परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सभा श्यामदेउरवा निवासी अयोध्या गुप्ता (60) पुत्र स्वर्गीय श्यामसुंदर गुप्ता, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवा दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मुड़ते समय महराजगंज से गोरखपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार वैगनर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भिजवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।













