रायबरेली में भावुक विदाई: दो शिक्षकों को नम आंखों से दी गई अंतिम सलामी

बछरावां (रायबरेली)। विकास क्षेत्र की न्याय पंचायत भैरमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय रघुनाथ खेड़ा-2 में आयोजित शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह भावनाओं, सम्मान और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गया।

कार्यक्रम का मुख्य केंद्र रहे विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, जिनकी विदाई के क्षणों ने हर उपस्थित व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। उनके साथ कंपोजिट विद्यालय पडीरा कला से सेवानिवृत्त सहायक शिक्षक राम रतन को भी अत्यंत सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी गई।

समारोह में जैसे ही राजेन्द्र प्रसाद शर्मा के शिक्षकीय जीवन का उल्लेख हुआ, पूरा वातावरण तालियों और भावनाओं से गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने केवल एक शिक्षक या प्रधानाध्यापक के रूप में नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक, संरक्षक और प्रेरणास्त्रोत के रूप में पीढ़ियों को गढ़ा। उनका कार्यकाल अनुशासन, समर्पण और उच्च शिक्षकीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण रहा।

वहीं राम रतन के सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा गया कि उन्होंने चुपचाप, निरंतर और ईमानदारी से शिक्षा की सेवा की और अनगिनत विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का दीप प्रज्वलित किया। दोनों शिक्षकों की विदाई केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक युग के अवसान का भावुक क्षण बन गई।

संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, बाल-केंद्रित शिक्षण, खेल-आधारित अधिगम, निपुण भारत अभियान तथा डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।

एआरपी अमर बहादुर एवं एआरपी ओजस्वनी पाल सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल जानकारी का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है।

नए शैक्षिक सत्र 2026–27 के स्वागत के साथ सभी शिक्षकों ने “हर बच्चा सीखे, हर बच्चा बढ़े” का संकल्प दोहराया और बच्चों के लिए प्रेरणादायी, आनंदमय एवं समावेशी शिक्षण वातावरण तैयार करने का भरोसा जताया।

विद्यालय परिवार की ओर से सहायक शिक्षिकाएं रूबी देवी, आरती अवस्थी एवं अनिल कुमार के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों शिक्षकों के योगदान को अत्यंत श्रद्धा के साथ स्मरण किया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान उमेश बहादुर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान सोनू सिंह, देवता प्रसाद, पूर्व प्रधानाध्यापक संत लाल यादव, लोकतंत्र शुक्ला, प्रशांत मोहन, नीरज शुक्ला, उषा देवी, अगनूराम, सतगुरु प्रसाद, अभय त्रिवेदी, पीयूष कुमार, दिलीप अवस्थी, सरिता, हिमांशु त्रिवेदी, कामिनी, संत कुमारी, अमर सिंह, चंद्र प्रकाश, राहुल वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन दिव्या सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षिका रूबी देवी द्वारा किया गया।

Share this article

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *