जनसुनवाई में भावुक पल: रायबरेली डीएम ने दिव्यांग को दिलाई ट्राई साइकिल, आवास का भी दिलाया भरोसा

रायबरेली। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने एक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या सुनते ही तुरंत सहायता प्रदान कर संवेदनशीलता का परिचय दिया।

डीएम के निर्देश पर 100 प्रतिशत दिव्यांग राम भरोसे को मौके पर ही नई ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके आवागमन में सुविधा हो सके।

जनसुनवाई के दौरान राम भरोसे पुत्र राम विशाल, निवासी ग्राम मझिगवां (हरदोई), विकास खंड हरचंदपुर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं और उनके पास रहने के लिए अपना घर भी नहीं है।

उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि राम भरोसे का नाम पीएम आवास योजना की पात्रता सूची में शामिल है और जल्द ही उन्हें आवास का लाभ प्रदान किया जाएगा।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन विभाग को निर्देश देकर राम भरोसे को नई ट्राई साइकिल दिलवाई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन करने में आसानी होगी।

अधिकारियों ने बताया कि राम भरोसे को पहले से ही दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। वहीं जिलाधिकारी ने उनके बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए मिशन वात्सल्य के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ दिलाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

डीएम की इस पहल से दिव्यांग आवेदक के चेहरे पर राहत और संतोष की झलक देखने को मिली।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts