सरोजनीनगर में 1.40 करोड़ की सरकारी भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा

  • चकौली में 0.253 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर बनी पक्की बाउंड्री ध्वस्त, एसडीएम और तहसीलदार के निर्देश पर संयुक्त राजस्व टीम ने की कार्रवाई

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर तहसील प्रशासन ने शासकीय भूमि पर हुए अवैध कब्जे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चकौली, परगना बिजनौर, तहसील सरोजनीनगर स्थित गाटा संख्या 858स/0.696 हेक्टेयर में से 0.253 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस भूमि पर पक्की बाउंड्री बनाकर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे प्रशासन की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर सरकारी भूमि को पुनः कब्जामुक्त कराया।

यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी अंकित शुक्ला एवं तहसीलदार सुखवीर सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार शालिनी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में राजस्व निरीक्षक समर बहादुर सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल विश्राम तथा लेखपाल अभिषेक यादव सहित तहसील सरोजनीनगर की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

राजस्व विभाग के अनुसार, अतिक्रमण से मुक्त कराई गई शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई पक्की बाउंड्री को हटवाया और सरकारी भूमि को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई भी पूरी की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में निरंतर अभियान चलाकर सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सरकारी भूमि के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *