सरोजनीनगर में एक करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया

  • राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान, 0.369 हेक्टेयर भूमि कराई कब्जामुक्त

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। तहसील सरोजनीनगर प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नूरनगर भदरसा स्थित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से निर्मित पक्की बाउंड्रीवाल हटाई गई। राजस्व विभाग के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये है।

प्रशासन के अनुसार ग्राम नूरनगर भदरसा, परगना बिजनौर स्थित गाटा संख्या 91 की कुल 1.0330 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से लगभग 0.369 हेक्टेयर क्षेत्र पर अवैध रूप से पक्की बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा कर लिया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर अंकित शुक्ला एवं तहसीलदार सुखवीर सिंह के निर्देश पर संयुक्त राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार बिजनौर अनूप श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक प्रेम प्रकाश पांडेय, समर बहादुर सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल अमरेंद्र शर्मा सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में अभियान लगातार जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। स्थानीय लोगों ने इस अभियान को सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts