रायबरेली में दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण, विधायक सदर व सलोन ने किया शुभारम्भ

रायबरेली। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रायबरेली में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर के दूसरे दिन सदर विधायक अदिति सिंह एवं सलोन विधायक अशोक कुमार ने निःशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया। यह शिविर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा एलिम्को के सहयोग से एडिप योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ दोनों विधायकों के साथ जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, एलिम्को के सहायक प्रबंधक सुरेंद्र सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य राघवेन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

शिविर में विकासखंड अमावां और छतोह के दिव्यांग लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनमें 22 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 102 ट्राइसाइकिल, 28 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 208 बैसाखियां, 14 वॉकिंग स्टिक, 1 सीपी चेयर, 2 ब्रेल केन, 1 ब्रेल किट, 21 सुगम्य केन और 16 श्रवण यंत्र शामिल रहे।

सदर विधायक अदिति सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में जोड़ने और उन्हें आर्थिक–सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में आज उपकरण वितरण के माध्यम से उन्हें दैनिक जीवन में स्वावलंबन प्रदान करने का प्रयास किया गया है।

सलोन विधायक अशोक कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन समाज के सम्मानित और अभिन्न अंग हैं, जिनमें अपार संभावनाएं छिपी होती हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हर दिव्यांगजन को अवसर मिले और वे आत्मनिर्भर बन सकें।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में दिव्यांगजनों की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी सहायक उपकरणों से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि एलिम्को के सहयोग से अमावां के 71 और छतोह के 136, कुल 207 पंजीकृत दिव्यांगजन लाभार्थियों को 432 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। जो लाभार्थी अभी उपकरण न ले सके हैं, उन्हें भी शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी/दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts