- मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से सीएचसी बृजमनगंज की टीम ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क दवाओं का भी किया वितरण
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज की ओर से शुक्रवार को थाना क्षेत्र के जमुनाहिया गांव में मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाएं भी वितरित कीं।
गांव के सुदीप, राजाराम, राधेश्याम, नीलम और भोलेनाथ सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से उन्हें जांच और उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
मेडिकल मोबाइल यूनिट की टीम में डॉ. पवन कुमार यादव (एमबीबीएस), फार्मासिस्ट रोहित जायसवाल, लैब टेक्नीशियन रितेश चौधरी तथा स्टाफ नर्स सुरेश कुमार शामिल रहे। टीम ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।
डॉ. पवन कुमार यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से नियमित रूप से गांव-गांव स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार उपलब्ध कराकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।













