- बेसिक शिक्षा विभाग के 16,365 शिक्षक, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 691 शिक्षकों को भी मिला लाभ
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को लाभ देने, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग व स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये वितरण, 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू के निष्पादन तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इसी क्रम में गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज, रतापुर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी और जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका उपस्थित रहीं।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया और उनके उद्बोधन को सुना गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिले के शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को मिलाकर 26 लोगों तथा एक शिक्षक के परिवार के सदस्यों को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा चार शिक्षकों को एसबीआई बैंक में खाता खोलने पर पासबुक का वितरण किया गया। प्राथमिक विद्यालय कोडरजहानपुर के पांच नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कर स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्थायी व संविदा कार्मिक, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की वार्डन और रसोइये इस योजना के दायरे में आते हैं।
जनपद रायबरेली में 2301 परिषदीय एवं 16 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार माध्यमिक शिक्षा विभाग रायबरेली के कुल 46 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों एवं 10 सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत कुल 691 शिक्षक योजना से लाभान्वित हुए।
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षक 7103, अनुदेशक 562, शिक्षामित्र 2112, रसोइया 6351, केजीबीवी स्टाफ 196 एवं विशेष शिक्षक 41 सहित कुल 16,365 लोगों को योजना में शामिल किया गया है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग रायबरेली में डीबीटी के अंतर्गत जनपद के कुल 1,79,111 विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 1200 रुपये की दर से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग, स्टेशनरी एवं स्वेटर खरीदने के लिए धनराशि प्रेषित की गई।
इस अवसर पर मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं छात्र-हितैषी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान और विद्यार्थियों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। डीबीटी के माध्यम से धनराशि सीधे विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में भेजे जाने से पारदर्शिता बढ़ी है तथा लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। आज बेसिक शिक्षा के स्कूलों की स्थिति कॉन्वेंट स्कूलों से बेहतर है। सरकार शिक्षा के साथ शिक्षकों का भी सम्मान कर रही है। इसके तहत एक ऐतिहासिक पहल करते हुए शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इससे पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय मुगला द्वारा सरस्वती वंदना, कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर द्वारा स्वागत गीत एवं प्राथमिक विद्यालय बेहटा खुर्द के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
मंच का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष आशुतोष पाण्डेय, शिवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।













