विश्व आदिवासी दिवस पर चिरमिरी में होगा भव्य आयोजन, मूल वंश समाज कल्याण संघ ने कार्यक्रमों की दी जानकारी

[post-views]
  • रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्र सम्मान और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से होगा आयोजन, प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी

आर. स्टीफन (स्टेट हेड)

चिरमिरी (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मूल वंश समाज कल्याण संघ भारत के बैनर तले रैली एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में संस्था के पदाधिकारियों ने हल्दीबाड़ी स्थित होटल अलवीना में आरएस मीडिया ग्रुप की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में संस्था के संस्थापक गंगा राम आयाम, संयोजक शेख स्माइल, अध्यक्ष गुरुदयाल सिंह मरावी, सचिव नंदकुमार आयाम, सहसचिव विजय विश्वकर्मा तथा सदस्य शशि राज सिंह उपस्थित रहे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पिछले चार वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य, गायन, नाटक सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा बच्चों और युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मंच के माध्यम से समाज के उन प्रतिभाशाली लोगों को पहचान दिलाने और सम्मानित करने का प्रयास किया जाता है, जिन्हें अब तक उचित पहचान नहीं मिल सकी है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष हल्दीबाड़ी स्थित क्लब मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं, जिन्हें संस्था की ओर से सम्मानित भी किया जाता है।

इन्हीं तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा से मीडिया को अवगत कराने के उद्देश्य से आरएस मीडिया ग्रुप की प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts