आगरा/फिरोजाबाद। ग्वाल बाबा ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था के राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी ने की। इस दौरान आगरा और फिरोजाबाद के जिलाध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 27 जुलाई को प्रस्तावित ‘गौ सम्मान आव्हान अभियान’ के द्वितीय चरण को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही समाज में गौ संरक्षण और पशु सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था ने बेजुबान पशुओं के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में संस्था के राष्ट्रीय महासचिव देवेश उपाध्याय द्वारा सुझाए गए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों को पहुंचाने के लिए भावी कार्ययोजना तैयार की गई।
इस दौरान संगठन विस्तार की घोषणा भी की गई। राजस्थान के बाड़मेर जिले में अनिल राणा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। आगरा में जिलाध्यक्ष कुणाल शर्मा के निर्देशन में लोकेंद्र कुशवाह को जिला महासचिव, राहुल गहलोत और आकाश शर्मा को संगठन महामंत्री तथा देवेंद्र शर्मा को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।
वहीं फिरोजाबाद में जिलाध्यक्ष विकास ओझा के निर्देशन में गोविंद रावत को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। मथुरा जिले में जिलाध्यक्ष विष्णु ठाकुर ने जितेंद्र उपाध्याय को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सेवा भाव के साथ कार्य करने और संस्था के उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने ‘गौ सम्मान आव्हान अभियान’ को सफल बनाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और गति देने का संकल्प लिया।













