रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक का टायर फटा, कार सवार परिवार गंभीर घायल
रायबरेली। जनपद के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से हादसे का गवाह बन गया। कटघर के पास इलाहाबाद की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण बेकाबू हो गया और सामने से आ रही एक कार को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कुछ ही सेकंड में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ढांचा पहचान से बाहर हो गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य माता, पिता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस की मदद से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घायल परिवार जौनपुर जनपद का निवासी बताया जा रहा है। हादसे की भयावहता को देखते हुए क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
